चिराग से नाराज 27 नेताओं ने दिया लोजपा से इस्तीफा, आज लोजपा कार्यालय में बैठक
पटना
बिहार में सरकार गठन के बाद से लेकर अब तक सियासी उठापटक की खबरें लगातार आ रहीं हैं. बिहार चुनाव घटक दल में शामिल होने में बाद भी नीतीश कुमार के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले चिराग पासवान की पार्टी के भीतर ही घमासान शुरू हो गया. चिराग पासवान की पार्टी लोजपा के बागी नेताओं ने उनके खिलाफ मोर्चेबंदी का एलान कर दिया.
रविवार को राजधानी पटना के एक होटल में हुई बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में नेताओं ने दावा किया कि वे एनडीए के समर्थक हैं और इसी घटक के किसी दल में जायेंगे. उन्होंने चिराग पर कई आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि बैठक में एनडीए के घटक दल जदयू-भाजपा तथा हम-वीआईपी से सम्पर्क साधने के लिए पांच-पांच नेताओं की दो अलग-अलग टीमें भी बनाई गई है.
लोजपा के पूर्व प्रदेश महासचिव केशव सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में दलित सेना के प्रदेश महासचिव सुभाष पासवान, पूर्व प्रदेश महासचिव रामनाथ रमण, विश्वनाथ कुशवाहा, दीनानाथ क्रांति, पारसनाथ गुप्ता, अशोक पासवान, प्रो. एजाज उस्मानी, पारसनाथ गुप्ता, श्रम प्रकोष्ठ के अध्यक्ष कौशल किशोर सिंह कुशवाहा, प्रदेश सचिव ई.
विजय कुमार सिंह समेत 27 नेताओं ने लोजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया. बताया गया कि सभी ने केशव सिंह के नेतृत्व में आस्था व्यक्त की. इन नेताओं ने आरोप लगाया कि चिराग पासवान ने स्व. रामविलास पासवान के सपने को चकनाचूर किया है तथा पार्टी को गर्त में ले जाने का काम किया है.
पार्टी के भीतर बगावत की खबरों के बीच सोमवार को लोजपा अहम बैठक बुला ली है. पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्रवण अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान द्वारा जिला अध्यक्षों के चयन एवं संगठन विस्तार के लिए गठित 15 सदस्यीय कमेटी की बैठक आज लोजपा कार्यालय में होगी. बताया गया कि प्रदेश अध्यक्ष की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में पार्टी के सभी नेता राज्य में संगठन को चुस्त-दुरुस्त करने तथा बिहार में लोजपा के भविष्य की रणनीति पर चर्चा करेंगे. इसके साथ ही राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात की भी समीक्षा की जाएगी.

पाठको की राय